रोते हुए मासूम के सीने पर मारी लात, डेढ़ साल के बच्चे की हत्यारा गिरफ्तार
मंगलौर। जनपद की मंगलौर पुलिस ने डेढ़ साल के मासूम की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फरार चल रहे कलयुगी सौतेले पिता फैजान को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से दबोच लिया है। आरोपी पर एसएसपी हरिद्वार ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
दिल दहला देने वाली वारदात
पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। आरोपी फैजान ने बताया कि 17 फरवरी को बच्चा लगातार रो रहा था। चुप कराने की कोशिश नाकाम होने पर उसे इतना गुस्सा आया कि उसने पहले बच्चे को थप्पड़ मारे और फिर उसके सीने पर जोर से लात मार दी। मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिसके बाद आरोपी लाश को बिस्तर पर छोड़कर फरार हो गया।
शादी के बाद खटक रहा था बच्चा
पुलिस के अनुसार, फैजान के महिला के साथ पहले से प्रेम संबंध थे। महिला के पति की मौत के बाद दोनों ने निकाह कर लिया था। लेकिन फैजान को महिला के पहले पति से हुआ बच्चा बोझ लगने लगा था, जिसे लेकर अक्सर घर में झगड़ा होता था।
SSP के निर्देश पर मुजफ्फरनगर में छापेमारी
बच्चे की मां की शिकायत पर पुलिस ने धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। आरोपी बार-बार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन सटीक सूचना पर पुलिस ने मुजफ्फरनगर में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात
