ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

 

सहारनपुर। जनपद में आज आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का एक ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसे देखकर हर कोई भक्ति भाव में सराबोर हो गया। राधा विहार स्थित महाशक्तिपीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर से पूज्य गुरुदेव स्वामी कालेंद्रानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में मां भगवती शाकंभरी देवी के चरणों में अर्पित करने के लिए एक विशाल चुनरी यात्रा रवाना हुई। इस यात्रा का मुख्य आकर्षण गुजरात के सूरत से विशेष रूप से तैयार करवाई गई सितारों से जड़ी 900 फुट लंबी दिव्य चुनरी रही, जिसे थामे श्रद्धालुओं का विशाल कारवां मां के जयकारे लगाता हुआ आगे बढ़ा। प्रातः 9:30 बजे शुरू हुई इस पावन यात्रा के दौरान पूरा वातावरण “जय मां भगवती” के उद्घोष से गुंजायमान रहा और भक्तों का उत्साह सातवें आसमान पर दिखाई दिया। इस आध्यात्मिक महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में मां भगवती की कथा और अखंड भंडारे का भी शुभारंभ हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया। कुलदेवी मां शाकंभरी देवी को समर्पित इस भव्य आयोजन और श्रद्धालुओं के अटूट जनसैलाब ने सहारनपुर की धरा को पूरी तरह शक्तिमयी बना दिया।

 

देवबंद। आगामी ईद-उल-फितर के पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभितेष सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में नगर के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और व्यापारियों ने शिरकत की। बैठक को संबोधित करते हुए सीओ अभितेष सिंह ने स्पष्ट किया कि ईद का त्योहार प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है, जिसे सभी को मिलजुलकर मनाना चाहिए। उन्होंने सख्त लहजे में हिदायत दी कि नमाज के दौरान शासन की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन किया जाए और यदि किसी ने भी सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ पुलिस बेहद सख्ती से निपटेगी। थाना प्रभारी अमरपाल शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाते हुए कहा कि ईदगाह और मस्जिदों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पुलिस हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है। बैठक में मौजूद विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि देवबंद में गंगा-जमुनी तहजीब के साथ यह पर्व पूरी अकीदत और शांति के साथ मनाया जाएगा।

छुटमलपुर/सहारनपुर। थाना फतेहपुर क्षेत्र में खाकी का इकबाल खत्म होता नजर आ रहा है, जहाँ बेखौफ चोरों ने अब किसानों के घरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला जजनेर गांव का है, जहाँ चोरों ने किसान नासिर पुत्र शरीफ खां के घर की बैठक में खड़े महिंद्रा ट्रैक्टर की बैटरी पर हाथ साफ कर दिया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिजनों ने ट्रैक्टर की बैटरी गायब देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद ग्रामीणों में पुलिस की लचर कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में चोरी की वारदातें रोजाना की बात हो गई हैं, कभी घरों से तो कभी खेतों से सामान चोरी हो रहा है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। “पुलिस सोती रही और चोरी होती रही” की तर्ज पर चल रहे इस घटनाक्रम से त्रस्त ग्रामीणों ने अब चेतावनी दी है कि यदि रात में गश्त बढ़ाकर चोरों की धरपकड़ नहीं की गई, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। फिलहाल, इस चोरी ने पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है और ग्रामीण दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं।

सहारनपुर। पुलिस कप्तान अभिनन्दन सिंह के मार्गदर्शन में नशे के सौदागरों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत चिलकाना पुलिस ने एक शातिर स्मैक तस्कर को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी विनोद कुमार के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम दुमझेडा से नल्हेडा रोड पर घेराबंदी कर मुकेश पुत्र दलमीरा निवासी दुमझेडा को गिरफ्तार किया। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 12 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पकड़ा गया अभियुक्त एक शातिर और अभ्यस्त अपराधी है, जिसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और हरियाणा के यमुनानगर जिलों में लूट, चोरी और तस्करी जैसे लगभग डेढ़ दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस तस्कर के नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है ताकि क्षेत्र से नशे के इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।

 

हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 के भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मेला प्रशासन ने अभी से अपनी कमर कस ली है, जिसके तहत आज मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका ने सीसीआर भवन में हाई-प्रोफाइल बैठक कर लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई और रेलवे के अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने का अल्टीमेटम दिया है। मेला अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुम्भ क्षेत्र की सभी सड़कों पर ब्लैक टॉप करने के साथ-साथ उनका सौंदर्यीकरण और चौराहों का सुधार कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने एनएचएआई को हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे और रिंग रोड परियोजनाओं को अविलंब पूरा करने की हिदायत देते हुए चेतावनी दी कि कार्यों में हीलाहवाली होने पर शीर्ष अधिकारियों से कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरिद्वार, मोतीचूर और ज्वालापुर रेलवे स्टेशनों पर व्यापक प्रबंध करने तथा हिल बाईपास की ओर नया निकास मार्ग तलाशने पर भी चर्चा हुई। साथ ही मोतीचूर के पुराने पुल की तकनीकी जांच कर उसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में तैयार करने के निर्देश दिए गए। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह और अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित तमाम विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे, जहाँ मेला अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ ‘मिशन मोड’ में कार्य करने पर जोर दिया।

 

पौड़ी गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने आज पौड़ी गढ़वाल भ्रमण के दौरान पौड़ी स्थित सर्किट हाउस में पार्टी के सम्मानित कार्यकर्ताओं से भेंट कर विभिन्न समसामयिक विषयों एवं संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर सार्थक चर्चा की। इस दौरान संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के विषय पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इसके पश्चात खुड्डेस्वर महादेव ग्राउंड (पाबो), पौड़ी गढ़वाल में आयोजित टाइटन कप 2026 के 9वें संस्करण के अंतर्गत प्रथम बार आयोजित महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की बहनों और बेटियों को खेल के मैदान में आत्मविश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ते देख प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज की नारी केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल, शिक्षा और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है।

उन्होंने कहा कि माननीय पीएम नरेंद्र मोदी के “नारी शक्ति” को सशक्त बनाने के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं को खेल, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है। इसी प्रेरणा से गांव की बेटियां भी आज मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाकर यह संदेश दे रही हैं कि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो नारी शक्ति हर क्षेत्र में नया इतिहास रच सकती है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मिलकर उनके द्वारा चीड़ (पिरुल) से बनाए गए आकर्षक हस्तशिल्प एवं उपयोगी उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त की, ग्रामीण महिलाओं द्वारा स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायी है।

भ्रमण के दौरान ग्राम सेड़ियाधार, पौड़ी गढ़वाल में विमला, भगवती प्रसाद नौटियाल के सुपुत्र सौरभ के विवाह के शुभ अवसर पर उनके आवास पहुंचकर प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने नवदंपत्ति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की और बिट्स पिलानी ने विज्ञान, अभियांत्रिकी और अनुसंधान के क्षेत्रों में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। बुधवार को नोएडा स्थित जीएनईसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत और बिट्स पिलानी के कुलपति प्रो. वी. रामगोपाल राव ने इस साझेदारी का आदान-प्रदान किया। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान अपनी प्रयोगशालाओं, उन्नत बुनियादी ढांचे और संकाय विशेषज्ञता को साझा करेंगे, जिससे एआई-एमएल, सतत ऊर्जा और हाइड्रोजन तकनीक जैसे उभरते क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान को गति मिलेगी। इसके साथ ही दोनों संस्थान मिलकर पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप तकनीकी समाधान विकसित करेंगे। प्रो. पंत ने इस गठबंधन को प्रभावशाली अनुसंधान परिणामों और कुशल मानव संसाधन विकास के लिए मील का पत्थर बताया, जबकि प्रो. राव ने इसे भारत की तकनीकी प्रगति में एक सार्थक कदम करार दिया। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ संकाय सदस्य और शोधकर्ता उपस्थित रहे।