ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

 

हरिद्वार। परिवहन विभाग और हीरो मोटोकॉर्प के ‘राइड सेफ इंडिया’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को हरिद्वार में “सुरक्षित साथी” प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री प्रदीप बत्रा ने दो-टूक कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग मौत को बुलावा देने जैसा है; उन्होंने अपील की कि तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग से बचकर ही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसी जा सकती है। उन्होंने ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना किसी पुण्य से कम नहीं है, इसलिए डरें नहीं और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाकर इंसानियत का फर्ज निभाएं। इस दौरान डिलीवरी पार्टनर्स और ड्राइवर्स सहित करीब 500 प्रतिभागियों को सुरक्षित ड्राइविंग और प्राथमिक उपचार की ट्रेनिंग दी गई, साथ ही मंत्री जी ने ‘सुरक्षित साथी’ किट और हेलमेट भी वितरित किए। एडीएम पी.आर. चौहान और आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने भी यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। इस मौके पर संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, आरटीओ संदीप सैनी, एआरटीओ नेहा झा, रश्मि सैनी, जितेंद्र चंद और निखिल शर्मा सहित विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

 

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मेला प्रशासन ने धरातल पर मोर्चा संभाल लिया है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशों के अनुपालन में उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने मंगलवार को भूपतवाला क्षेत्र का तूफानी दौरा कर जल संस्थान द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पावनधाम के सामने निर्माणाधीन ट्यूबवेल, श्यामीलोक कॉलोनी और प्राथमिक विद्यालय के समीप चल रहे बोरिंग कार्यों की प्रगति जांची और अधिकारियों को दो-टूक कहा कि गुणवत्ता के मानकों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उप मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए निर्बाध पेयजल आपूर्ति सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। इस मौके पर तकनीकी शाखा के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल और जल संस्थान के सहायक अभियंता राकेश बमराड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें कार्यदायी संस्थाओं पर पैनी नजर रखने और तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन करने के कड़े निर्देश दिए गए।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। विश्व जल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान समाज में स्वच्छता और जल संरक्षण की अलख जगाने वाले जांबाजों को सम्मानित किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि आईटीसी ‘मिशन सुनहरा कल’ और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र की मोहल्ला समितियों, स्वच्छ दूतों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सराहा गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद शिवालिक नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एवं स्वच्छता नोडल अधिकारी चंद्रकांतमणि त्रिपाठी ने स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों पर जोर देते हुए कहा कि आईटीसी मिशन सुनहरा कल द्वारा शिक्षा और सफाई के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने जल की हर बूंद को बचाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई, साथ ही बेहतर कार्य करने वाले सफाई कर्मियों और जागरूक छात्रों का उत्साहवर्धन किया गया।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

धनौरी। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित मंगलवार को धनौरी स्थित हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज पहुंचे, जहाँ उन्होंने एक कड़क शिक्षक की भूमिका निभाते हुए ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं का भविष्य संवारने के लिए उनका मार्गदर्शन किया। महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग और सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित ‘प्रशासनिक सेवा प्रेरणा’ कार्यशाला में डीएम ने युवाओं को सीधा संदेश दिया कि जीवन में लक्ष्य तय कर उसे पाने के लिए ईमानदारी और निरंतर प्रयास ही एकमात्र रास्ता है। छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्होंने अपने निजी जीवन का उदाहरण दिया और बताया कि उन्होंने स्वयं एमबीए करने के बाद सही दिशा में मेहनत कर प्रशासनिक सेवा में मुकाम हासिल किया। जिलाधिकारी ने युवाओं को आज की सबसे बड़ी ‘बीमारी’ मोबाइल के बढ़ते उपयोग और नशे की लत से बचने की कड़ी सलाह देते हुए कहा कि जो लोग आपका समय बर्बाद करते हैं या गलत दिशा में ले जाते हैं, उनसे तुरंत दूरी बना लें। एक छात्रा के दिव्यांगता संबंधी सवाल पर उन्होंने हौसला बढ़ाते हुए साफ़ किया कि अगर संकल्प दृढ़ हो तो कोई भी बाधा सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती। इससे पूर्व महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से डॉ. आदित्य सैनी और प्राचार्य डॉ. मुनेंद्र सिंह ने डीएम का भव्य स्वागत किया, जिसके बाद जिलाधिकारी ने महाविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

 

हफ्तों की तैयारी और लाखों का तामझाम धरा का धरा रहा; प्रधान, बीडीसी और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भारी फौज के बावजूद सूना रहा पंडाल, कुप्रबंधन की तस्वीरों ने खोली पोल।

 

ग्रामीण तहकीकात/नवीन कुमार 

नारसन। विकास खंड नारसन के प्रांगण में मंगलवार को आयोजित सरकारी ‘महोत्सव’ विकास की नई इबारत लिखने के बजाय सफेद हाथी साबित हुआ। शासन-प्रशासन की ओर से ‘4 साल बेमिसाल’ और ‘जन-जन के द्वारा सरकार के द्वार’ जैसे लुभावने नारों के साथ हफ्तों से ढोल पीटा जा रहा था, लेकिन हकीकत में आज यहाँ बिछी सैकड़ों खाली कुर्सियाँ खुद अपनी बदहाली पर आंसू रोती दिखीं। करोड़ों के बजट और सरकारी अमले की भारी-भरकम फौज के बावजूद, जनता की गैर-मौजूदगी ने अफसरों के दावों की कलई खोल कर रख दी है। सवाल यह उठ रहा है कि जब ब्लॉक के सभी ग्राम प्रधान, बीडीसी (BDC) सदस्य और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की फौज तैनात थी, तो फिर वह ‘आम जनता’ कहाँ गायब थी जिसके नाम पर यह सारा तामझाम रचा गया?

ग्रामीणों के बीच दबी जुबान में चर्चा है कि जनता अब इन ‘कागजी मेलों’ और ‘बजट खपाऊ आयोजनों’ की असलियत समझ चुकी है। क्षेत्र की सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं और स्वास्थ्य सेवाएं खुद बीमार पड़ी हैं, ऐसे में जनता के गाढ़े पसीने की कमाई को इस तरह वीरान पंडालों में बर्बाद करना क्या न्यायोचित है? मंच पर सजी खाली कुर्सियों की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर ‘कुप्रबंधन’ की मिसाल बनकर वायरल हो रही हैं। बुद्धिजीवियों का मानना है कि यदि यही करोड़ों रुपया क्षेत्र के बुनियादी विकास पर खर्च होता, तो शायद आज प्रशासन को जनता के इंतजार में यूँ ‘सूनी आँखें’ नहीं बिछानी पड़तीं। अब देखना यह है कि इस ‘फ्लॉप शो’ के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कोई जवाबदेही तय होगी या फिर जनता की कमाई को यूँ ही ‘बेमिसाल’ बताकर कागजों में रफा-दफा कर दिया जाएगा।

  • सुलतानपुर साबतवली बनी टीबी मुक्त, सिल्वर मेडल जीत गाड़ा कामयाबी का लठ्ठ

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को ‘विश्व क्षय रोग दिवस’ के मौके पर आयोजित सम्मान समारोह में रुड़की ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुलतानपुर साबतवली के युवा और जुझारू प्रधान श्रवण कुमार ने अपनी कामयाबी का ऐसा परचम लहराया कि पूरे जिले में उनकी चर्चा छिड़ गई है। जिले भर की पंचायतों के बीच हुई कड़ी टक्कर में श्रवण कुमार ने टॉप-5 में जगह बनाते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया और अपनी पंचायत को शत-प्रतिशत क्षय रोग (टीबी) मुक्त बनाने का गौरव दिलाया। इस शानदार उपलब्धि पर मंच से माननीय कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने श्रवण कुमार की जमकर पीठ थपथपाई और उन्हें “जिले का सबसे एक्टिव और कर्मठ युवा प्रधान” की संज्ञा देते हुए सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने श्रवण कुमार के काम करने के तरीके की मिसाल देते हुए उन्हें मंच पर अपने विचार रखने का न्योता दिया और कहा— “श्रवण कुमार जैसे जोश से भरे प्रधानों की वजह से ही आज हमारी सरकार का ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का सपना सच हो रहा है, इन्होंने जमीनी स्तर पर जो मेहनत की है वो काबिले तारीफ है और बाकी पंचायतों के लिए एक बड़ी सीख है।”

वहीं, हाथ में सिल्वर मेडल थामे और जीत की चमक आंखों में लिए प्रधान श्रवण कुमार ने सीडीओ साहब और कैबिनेट मंत्री का आभार जताते हुए कहा— “देखो जी, यो सम्मान सिर्फ मेरा नी, मेरी पूरी साबतवली की जनता और स्वास्थ्य कर्मियों का है। हमने तो बस एक ईंट धरी थी, पर गाँव वालों के सहयोग ने इसे महल बना दिया। हमने ठाना था कि अपणे गाँव से इस बीमारी को जड़ से उखाड़ फेंकना है और आज सीडीओ साहब और मंत्री जी ने जो मान बढ़ाया है, उससे मेरा हौसला और बढ़ गया है। मैं वादा करूँ हूँ कि गाँव की तरक्की और लोगों की सेहत के लिए मैं और मेरी टीम दिन-रात एक कर देंगे।” 100 दिवसीय इस अभियान के शुभारंभ के साथ ही श्रवण कुमार की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि अगर इरादे नेक हों, तो गाँव की तस्वीर बदलना नामुमकिन नहीं है।

 

हरिद्वार। चैत्र नवरात्रि के पावन पांचवें दिन, हरिद्वार की धर्मनगरी में शांभवी पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी आनंद स्वरूप जी महाराज का जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धाभाव और उल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर राष्ट्रीय वीर गुर्जर सेना के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह ने उनके आश्रम पहुँचकर महाराज जी को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी और उनका दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने संबोधन में स्वामी आनंद स्वरूप जी महाराज ने कहा कि “जीवन का प्रत्येक वर्ष राष्ट्र और धर्म की सेवा के लिए समर्पित होना चाहिए; नवरात्रि की शक्ति हमें अधर्म के विरुद्ध लड़ने और अपनी संस्कृति की रक्षा करने का बल प्रदान करती है।” वहीं, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह ने महाराज जी के दीर्घायु होने की कामना करते हुए कहा कि “स्वामी जी का मार्गदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा का पुंज है और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर हमारा संगठन समाज सेवा व संस्कारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।” इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार दुष्यंत शर्मा ने महाराज जी के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “स्वामी जी जैसे संतों का सानिध्य ही समाज में समरसता और सनातन मूल्यों को जीवित रखता है।” कार्यक्रम में आचार्य रोहित कौशिक सहित भारी संख्या में भक्तगण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने महाराज जी का पूजन कर लोक-कल्याण की प्रार्थना की।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाते हुए बकरा मार्केट में लड़ाई-झगड़ा और हंगामा कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सोमवार, 23 मार्च को पुलिस टीम और रेल चौकी प्रभारी को सूचना मिली कि कुछ लोग मोहल्ले वासियों के साथ विवाद कर रहे हैं और जोर-जोर से चिल्लाकर अशांति फैला रहे हैं। मौके पर पहुँचे उप-निरीक्षक समीप पाण्डेय, कांस्टेबल अमित गौड़ और राजेश बिष्ट की टीम ने आरोपी मुस्तकीम, फैसल, सलमान और साहिल (सभी निवासी बकरा मार्केट, ज्वालापुर) को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनके अधिक उग्र होने और समझाने के बावजूद शांत न होने पर पुलिस ने धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत कार्रवाई करते हुए चारों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

 

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। थाना कनखल पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बैरागी कैंप के पास सरेआम गाली-गलौज और हुड़दंग मचाकर यातायात बाधित कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि 27 वर्षीय तेजपाल पुत्र झण्डूराम (निवासी बजरीवाला बैरागी कैंप) राहगीरों के साथ अभद्रता और आमदा फसाद पर उतारू है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मौके पर पहुँची पुलिस टीम के हेड कांस्टेबल जितेंद्र शाह और कांस्टेबल संजू सैनी ने युवक को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके न मानने और उग्र व्यवहार जारी रखने पर पुलिस ने धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नियमनुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है और स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सोमवार, 23 मार्च को दबिश देकर काफी समय से न्यायालय में पेश न होने वाले वारंटी नईम राव पुत्र नसीम निवासी सलेमपुर को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मारपीट व गाली-गलौज जैसे गंभीर मामले दर्ज थे, जिनमें वह फरार चल रहा था। गैस प्लांट चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट और नरेन्द्र राणा की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराध कर कानून की नजरों से बचने वाले किसी भी वारंटी को बख्शा नहीं जाएगा और जिले भर में यह ताबड़तोड़ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।