ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दायर मुकदमों पर सुनवाई करते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) हरिद्वार के न्यायालय ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय ने मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने, बिना लाइसेंस कारोबार करने व मानकों का उल्लंघन करने वाले 10 खाद्य कारोबारकर्ताओं पर कुल 2 लाख 65 हजार का भारी जुर्माना अधिरोपित किया है, जिसे 7 दिनों के भीतर जमा करने के सख्त आदेश दिए गए हैं।

 

किन-किन प्रतिष्ठानों पर लगा जुर्माना:

1. पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट (हरिद्वार-दिल्ली हाईवे): पंजीयन संबंधी अनियमितताओं पर ₹50 हजार का जुर्माना।

2. मां शाकुम्भरी भोजनालय (बहादराबाद): बिना फूड लाइसेंस व्यापार, गंदगी व बिल न देने पर ₹50 हजार का जुर्माना।

3. स्पेशल बर्फी वाला (रानीपुर झाल): मावा बर्फी में मैदा मिलाने और बिना लाइसेंस मिठाई बनाने पर ₹5,000 जुर्माना।

4. शिवालिक नगर स्थित होटल: अधोमानक पनीर और बिल पर 14 अंकों का लाइसेंस नंबर न होने पर ₹25 हजार जुर्माना।

5. नूर अहमद मावा भण्डार (तुगलकपुर, खानपुर): फैट कम पाए जाने वाले अधोमानक पनीर पर ₹25 हजार जुर्माना।

6. मावा निर्माण इकाई (झिडियान ग्रांट, भगवानपुर): स्किम्ड मिल्क पाउडर व वनस्पति से नकली मावा बनाने पर ₹25 हजार जुर्माना (मौके पर 1 क्विंटल मावा नष्ट भी कराया गया था)।

7. मां जय दुर्गा ढाबा (मां चण्डी देवी मंदिर परिसर): बेसन का नमूना अधोमानक मिलने व रजिस्ट्रेशन न होने पर ₹25 हजार जुर्माना।

8. बरकत डेयरी (ग्राम मुंडेत, मंगलौर): वनस्पति युक्त रिफाइंड तेल से बने अधोमानक पनीर पर ₹25 हजार जुर्माना।

9. सूर्या डेयरी (ऋषिकुल विद्यापीठ, हरिद्वार): अधोमानक पनीर बेचने पर ₹25 हजार जुर्माना।

10. बालाजी स्वीट्स (लालकुर्ती, रुड़की): जांच में अधोमानक पाए गए सफेद रसगुल्ले पर ₹10 हजार का जुर्माना।

 

 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश पाण्डेय एवं केशव टंडन द्वारा विभिन्न तिथियों पर की गई छापेमारी के आधार पर ये मुकदमे दायर किए गए थे। एडीएम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित कारोबारियों ने 7 दिन के भीतर जुर्माने की राशि जमा नहीं की, तो इसकी वसूली भू-राजस्व की भांति सख्ती से की जाएगी।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

लक्सर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को लक्सर तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला को लंबे समय से लंबित राजस्व मुकदमों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करने के कड़े निर्देश दिए। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया। मानसून को देखते हुए जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों में पैनी नजर रखने और जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने की हिदायत दी। वहीं, आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कांवड़ मार्ग पर हर 3-4 किलोमीटर की दूरी पर ही भंडारे लगाने की अनुमति देने के निर्देश दिए, ताकि एक ही स्थान पर भीड़ न जमा हो। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, बीडीओ प्रवीण भट्ट व जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, चंद्रमोहन आर्य सहित अन्य तहसील कर्मी मौजूद रहे।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। जिले में बेकाबू होते सड़क हादसों के ग्राफ को नीचे गिराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है, जिसके तहत मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक संपन्न हुई। सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी तालमेल बैठाकर काम करने की हिदायत देते हुए जिले में चिन्हित 25 जानलेवा ‘ब्लैक स्पॉट’ पर तुरंत सुधारात्मक कार्य शुरू करने, संकेतक बोर्ड, लाइटें व स्पीड ब्रेकर दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि बीते 6 महीनों (जनवरी से जून 2026) के भीतर ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस व परिवहन विभाग ने रिकॉर्ड 19,523 चालान काटे हैं। इसके साथ ही ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव पर नकेल कसने के साथ-साथ एनएचएआई को हाईवे से अतिक्रमण हटाने, शिक्षा विभाग को स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने और स्वास्थ्य विभाग को घायलों के तत्काल इलाज के लिए सभी अस्पतालों को पैनल में शामिल करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। नौनिहालों की जान से खिलवाड़ रोकने और विद्यालयी वाहनों में सुरक्षा मानक दुरुस्त करने के लिए परिवहन विभाग ने लगातार तीसरे दिन सघन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देश पर एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा व एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा के नेतृत्व में निकली टीम ने जिलेभर में स्कूली बसों व गाड़ियों के फिटनेस, परमिट, लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड किट का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस दौरान भारी कमियां और नियमों की धज्जियां उड़ते देख अधिकारियों ने 65 वाहनों के चालान काट डाले, जबकि बिना फिटनेस और बिना पंजीकरण के बेधड़क दौड़ रहीं 3 बसों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। विभागीय टीम में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, मुकेश भारती व उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार शामिल रहे, वहीं अधिकारियों ने दोटूक चेतावनी दी है कि बच्चों की सुरक्षा में किसी तरह का समझौता नहीं होगा और आने वाले दिनों में भी यह धरपकड़ अभियान इसी तरह जारी रहेगा।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

देहरादून। संत गुरु रविदास समरसता कार्यशाला में भाग लेने राजधानी देहरादून पहुंचे भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य और प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घड़ियाल का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील पेगोवाल ने दोनों शीर्ष नेताओं को पटका पहनाया और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान सुशील पेगोवाल ने कहा कि संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना ही हमारी मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के मजबूत मार्गदर्शन में पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटा हुआ है, ताकि केंद्र व राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और संगठन को गांव व बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

देहरादून। संत गुरु रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय समरसता कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सामाजिक समरसता और समानता का बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने सदियों पहले भेदभाव मिटाकर समरस समाज की नींव रखी थी, जिसके नक्शेकदम पर चलते हुए आज हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंचा रही है। सीएम धामी ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के ऐतिहासिक कदम का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने हर वर्ग को समान अधिकार देने का काम किया है। इस दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए समाज में जातिवाद और नफरत का जहर घोलने की राजनीति करते हैं, लेकिन जनता अब जागरूक हो चुकी है। वहीं, बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी सुशील पेगोवाल ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास जी के समरसता व समानता के विचारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना ही हम सभी कार्यकर्ताओं का मुख्य ध्येय है, ताकि समाज का हर वर्ग एकजुट होकर प्रदेश व देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सके। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीएम धामी के अलावा बीजेपी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित कई प्रमुख नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की और जी.बी. पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा किए गए एक संयुक्त अध्ययन में चेतावनी दी गई है कि जलवायु परिवर्तन के कारण उत्तराखंड की कोसी नदी बेसिन की जल सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। प्रसिद्ध शोध पत्रिका ‘थियोरेटिकल एंड एप्लाइड क्लाइमेटोलॉजी’ में प्रकाशित इस अध्ययन के अनुसार, 21वीं सदी के अंत तक क्षेत्र के तापमान में भारी बढ़ोतरी के चलते भूजल पुनर्भरण (ग्राउंडवाटर रिचार्ज) में 20 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ सकती है और कुल जल उपलब्धता 4 से 7 प्रतिशत तक घट सकती है। वैज्ञानिकों ने आगाह किया है कि बढ़ते तापमान और वाष्पीकरण में वृद्धि के कारण भविष्य में कुमाऊं क्षेत्र में भीषण सूखा, प्राकृतिक जलस्रोतों का सूखना और कृषि व पेयजल का संकट गहरा सकता है। आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत और जी.बी. पंत संस्थान के निदेशक डॉ. आई.डी. भट्ट ने जल संकट से निपटने के लिए जलागम प्रबंधन, प्राकृतिक जलस्रोतों के पुनरुद्धार और वैज्ञानिक जल संरक्षण नीतियों को तत्काल लागू करने की जरूरत बताई है।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

झबरेड़ा। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री बहन कुमारी मायावती के दिशानिर्देशानुसार झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के माधवपुर गांव में बसपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर चुनावी रणनीति तैयार की गई। बैठक में पहुंचे प्रदेश प्रभारी गयाचरण दिनकर ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए कहा कि पार्टी अभी से ही पूरी मजबूती के साथ ‘मिशन 2027’ के चुनाव प्रचार में जुट गई है और हर कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर जाकर बसपा की नीतियों और बहन जी के संदेश को पहुंचाए। वहीं झबरेड़ा विधानसभा से भावी प्रत्याशी आदेश कुमार ने कहा कि झबरेड़ा की जनता परिवर्तन चाहती है और इस बार जनता के अपार समर्थन से बसपा झबरेड़ा सीट पर भारी मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी, जिलाध्यक्ष मदनपाल, विधानसभा अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

भगवानपुर । आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर 28 विधानसभा क्षेत्र भगवानपुर में राजनीतिक पारा अभी से चढ़ने लगा है। भारतीय जनता पार्टी के भीतर टिकट पाने की होड़ के बीच दमदार प्रत्याशी सबसे पुराने सबसे सीनियर भाजपा पार्टी कार्यकर्ता एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशील पेगोवाल ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए अपनी दावेदारी मजबूती से पेश कर दी है। क्षेत्र के मुख्य मार्गों, चौराहों और ग्रामीण अंचलों की दीवारों पर ‘मिशन 2027’ के तहत वृहद स्तर पर वाल पेंटिंग अभियान चलाया जा रहा है। दीवारों पर “भगवानपुर की यही पुकार, सुशील पेगोवाल इस बार”, “नई सोच, नई उम्मीद” और “विकास की नई पहचान, सुशील पेगोवाल के नाम” जैसे असरदार नारे उकेरे जा रहे हैं, जो क्षेत्रवासियों का ध्यान बरबस ही अपनी ओर खींच रहे हैं।

हालाँकि, पार्टी स्तर पर अभी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है, लेकिन पेगोवाल का यह धुआंधार प्रचार अभियान साफ संकेत दे रहा है कि वे संगठन के सामने अपनी जमीन बेहद मजबूत कर चुके हैं। स्थानीय कार्यकर्ताओं में इस अभियान को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर चुनाव से काफी पहले शुरू हुई इस जमीनी तैयारी ने भगवानपुर के सियासी गलियारों और विरोधी खेमों में हलचल पैदा कर दी है।

 

ग्रामीण तहकीकात समाचार पत्र एवं डिजिटल

ग्राम मानकपुर आदमपुर में उस समय जश्न का माहौल बन गया, जब गांव के वरिष्ठ नागरिक रामवीर चौधरी के जिला सहकारी संघ का निर्विरोध अध्यक्ष बनने पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। इसी कड़ी में भगवानपुर विधानसभा से भाजपा के वरिष्ठ नेता व भावी प्रत्याशी सुशील पेगोवाल अपने समर्थकों के साथ मानकपुर पहुंचे और रामवीर चौधरी को पटका पहनाकर पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने भगवानपुर विधानसभा चुनाव की तैयारी में रात-दिन एक कर रहे भाजपा नेता सुशील पेगोवाल का भी पटका और फूल-मालाओं के साथ जोरदार अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने एक सुर में सुशील पेगोवाल को अपना पूरा समर्थन और आशीर्वाद देने का भरोसा जताया।

ग्रामीणों के बीच पहुंचे सुशील पेगोवाल, सुनी समस्याएं

बधाई कार्यक्रम के बाद सुशील पेगोवाल ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने गांव के विकास, किसानों की समस्याओं और आगामी प्राथमिकताओं पर खुलकर चर्चा की।

सुशील पेगोवाल ने कहा, “रामवीर चौधरी जी का जिला सहकारी संघ का अध्यक्ष बनना केवल मानकपुर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे भगवानपुर क्षेत्र और किसान भाइयों के लिए बड़े गर्व की बात है। उनके अध्यक्ष बनने से सहकारिता आंदोलन को नई ताकत मिलेगी और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ हमारे किसान भाइयों के खेतों और घरों तक पहुंचेगा।”

रामवीर चौधरी का अध्यक्ष बनना पूरे क्षेत्र का मान: ग्राम प्रधान कुलवीर

कार्यक्रम में मौजूद मानकपुर आदमपुर के ग्राम प्रधान कुलवीर चौधरी ने खुशी जताते हुए कहा कि रामवीर चौधरी जी की यह ऐतिहासिक जीत पूरे गांव की जीत है। इससे गांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान कुलवीर चौधरी, वरिष्ठ समाजसेवी ईश्वर पाल, संदीप चौधरी, सोमवीर चौधरी सहित बड़ी संख्या में गांव के गणमान्य व्यक्ति, युवा और पेगोवाल समर्थक मौजूद रहे।