ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की के प्रांगण में बीते रविवार को आयोजित TEDxIITRoorkee 2026 ‘परिवर्तन की बयार’ विषय के साथ वैचारिक क्रांति का साक्षी बना, जहाँ समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए दिग्गज कथावाचकों और विचारशील नेताओं ने सूक्ष्म किंतु प्रभावशाली बदलाव की शक्ति को रेखांकित किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. बरजीव त्यागी, डॉ. अजंता गोस्वामी, डॉ. साई रामुडु मेका और समन्वयक डॉ. वरुण शर्मा की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन व संस्थान के कुलगीत के साथ हुआ, जिसके बाद वक्ताओं की ओजस्वी श्रृंखला ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंतरराष्ट्रीय धाविका दूती चंद ने अपनी संघर्षगाथा से दृढ़ता का पाठ पढ़ाया, तो वहीं एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल के अदम्य साहस और वॉयस आर्टिस्ट सिमरन कौर के जुनून ने उपस्थित जनसमूह को भावुक और प्रेरित किया। सामाजिक मान्यताओं पर एला डी’वर्मा के तार्किक प्रहार और अंत में स्पीड पेंटर आर्ट्सी रोहित द्वारा कैनवस पर उकेरी गई सजीव कलाकृतियों ने इस आयोजन को एक यादगार ऊंचाई प्रदान की। विचारों के इस महाकुंभ ने न केवल रूढ़ियों को चुनौती दी, बल्कि रचनात्मकता और प्रगतिशील सोच के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी वैश्विक मंच पर दृढ़ता से स्थापित किया।
