ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Naveen Kumar

नवीन कुमार (प्रधान संपादक) दैनिक ग्रामीण तहकीकात (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पंजीकृत राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक समाचार पत्र)

 

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों और नगर आयुक्त नंदन कुमार के कुशल मार्गदर्शन में शनिवार को नगर निगम हरिद्वार की टीम ने पुलिस विभाग के साथ मिलकर हरिलोक क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ ‘प्रहार’ किया। सार्वजनिक सड़कों को कब्जा मुक्त कराने के उद्देश्य से यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई।

उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड संख्या 60 स्थित हरिलोक सब्जी मंडी के निकट मुख्य सड़क पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध यह संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क घेरकर खड़ी की गई लगभग 50 ठेली-फेरी वालों के अवैध कब्जों को मौके से हटाया गया। नियमों की अनदेखी करने वाली 03 ठेलियों को प्रशासन द्वारा जब्त कर लिया गया है।

कार्रवाई के साथ-साथ निगम की टीम ने पूरे क्षेत्र में मुनादी कराकर सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में पुनः सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध भारी जुर्माना और वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, अतिक्रमण प्रभारी आदित्य तेजेश्वर सहित नगर निगम और पुलिस की टीम मुस्तैद रही। इस कार्रवाई से क्षेत्र की सड़कों पर यातायात सुगम हुआ है और स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

मंगलौर।  कोतवाली के नवनियुक्त प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर का आज क्षेत्रीय प्रमुख समाजसेवी प्रदीप गौतम ने उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर और एक हरा-भरा पौधा भेंट कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान प्रदीप गौतम ने भगवान मेहर के सफल कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

​समाजसेवी प्रदीप गौतम ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल अत्यंत आवश्यक बताते हुए अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। पौधा भेंट करने के माध्यम से प्रदीप गौतम ने पर्यावरण संरक्षण का एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया और समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने पर जोर दिया।

​स्वागत स्वीकार करते हुए नवनियुक्त कोतवाली प्रभारी भगवान मेहर ने समाजसेवी प्रदीप गौतम का आभार व्यक्त किया और अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना उनका मुख्य ध्येय है। उन्होंने यह भी कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और समाजसेवी संगठनों का सहयोग सराहनीय और अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह भेंट पुलिस और समाज के बीच की दूरियों को कम करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, जिससे भविष्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। मंगलौर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जनता के सहयोग से क्षेत्र में अपराध मुक्त वातावरण तैयार किया जाएगा।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

झबरेड़ा। उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने में भले ही अभी वक्त हो, लेकिन झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में सियासी पारा अभी से चढ़ने लगा है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी चुनावी बिसात बिछाकर विरोधियों के खेमे में खलबली मचा दी है। इसी क्रम में बसपा के उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी आदेश कुमार ने अपनी पूरी टीम के साथ क्षेत्र के दर्जनों गांवों का तूफानी दौरा कर जनसंपर्क अभियान चलाया।

ग्राम भागतोवली पहुँचने पर उमड़े भारी जनसैलाब ने यह साफ कर दिया कि झबरेड़ा की जनता बदलाव के मूड में है। ग्रामीणों के बीच हुंकार भरते हुए प्रदेश प्रभारी आदेश कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि वर्तमान सरकारों की जनविरोधी नीतियों ने गरीब, किसान और मजदूर की कमर तोड़ दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बहुजन समाज पार्टी सदैव “सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय” के सिद्धांत पर चलकर दबे-कुचले और असहाय लोगों के मान-सम्मान की लड़ाई लड़ती आई है।

आदेश कुमार ने दावा किया कि बहन कुमारी मायावती जी के शासनकाल की कानून-व्यवस्था और विकास को आज भी उत्तराखंड की जनता याद कर रही है। उन्होंने ऐलान किया कि 2027 में झबरेड़ा की धरती से हाथी की ऐसी दहाड़ गूँजेगी कि देहरादून की सत्ता के समीकरण बदल जाएंगे। जनसंवाद में हिस्सा लेते हुए एडवोकेट गुलाब सिंह, सोनू और राजेश कुमार ने क्षेत्र की उपेक्षा पर मुखरता जताई, वहीं धनपाल, जगपाल सिंह और श्यामकुमार ने सामूहिक स्वर में ऐलान किया कि भागतोवली का बच्चा-बच्चा इस बार बसपा की नीतियों में विश्वास जताते हुए नीले झंडे के नीचे लामबंद है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

झबरेड़ा। अपनों से खफा होकर घर की दहलीज लांघने वाली दो युवतियों को झबरेड़ा पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता और तेजतर्रार नेटवर्क के दम पर महज 24 घंटे के भीतर पंजाब के जालंधर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से दो परिवारों ने राहत की सांस ली है।

बीती 31 मार्च को झबरेड़ा निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने की सूचना दी थी, जिसमें पड़ोस की एक अन्य लड़की के भी साथ होने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में झबरेड़ा पुलिस ने तकनीकी सुरागों के आधार पर तत्काल जांच शुरू की और पंजाब की ओर रुख किया।

कोतवाली झबरेड़ा एसएचओ विजय सिंह और विवेचक रविन्द्र सिंह की टीम ने सटीक घेराबंदी करते हुए दोनों किशोरियों को जालंधर स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही अपनी सुरक्षा में ले लिया। पूछताछ में किशोरियों ने घर से नाराजगी के चलते किसी परिचित के पास जाने की बात कबूल की है। इस सफल रेस्क्यू टीम में अपर उपनिरीक्षक गिरीश सिंह और कांस्टेबल रणवीर सिंह भी शामिल रहे। झबरेड़ा पुलिस की इस सफलता ने क्षेत्र में खाकी की साख को और अधिक पुख्ता कर दिया है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

मंगलौर। मुख्यालय के आदेश और एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में शुरू हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। अभियान के पहले ही चरण में मंगलौर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संयुक्त प्रहार करते हुए कुल पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।

पुलिस ने अलग-अलग मोर्चों पर घेराबंदी करते हुए मारपीट और चोरी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे तीन वारंटियों—योगेश व अंकित (निवासी लिब्बरहेडी) और सुहैल (निवासी लहबोली) को धर दबोचा। वहीं, वाहन चोरों के विरुद्ध चलाए गए चेकिंग अभियान में पुलिस टीम ने ग्राम सिख्खर निवासी निकित को बिना नंबर की चोरी की हीरो स्प्लेंडर बाइक के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

खाकी का सख्त रुख यहीं नहीं रुका; सड़क सुरक्षा को ताक पर रखकर शराब के नशे में फर्राटा भर रहे यूपी निवासी ड्राइवर विकास कुमार को भी दबोचकर उसकी कार सीज कर दी गई है। उपनिरीक्षक कमलकान्त रतूड़ी, मनोज कठैत, वीरपाल सिंह और रामबहादुर सिंह के नेतृत्व वाली इस तेजतर्रार पुलिस टीम ने स्पष्ट कर दिया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के दौरान क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अराजकता या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 बहादराबाद/हरिद्वार। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान और एसएसपी हरिद्वार के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली बहादराबाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पतंजलि फेस-1 अंडरपास, शांतरशाह क्षेत्र से एक चरस तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकेश पुत्र कुरड़ी (निवासी ग्राम शांतरशाह) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में उसके कब्जे से 54.26 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। उपनिरीक्षक करम सिंह चौहान के नेतृत्व में कांस्टेबल अंकित कुमार और अवनेश राणा की टीम ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे उस वक्त दबोचा, जब वह नशे की खेप खपाने की फिराक में था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बहादराबाद पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी आक्रामकता के साथ जारी रहेगा।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

रानीपुर/हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में शुरू हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बीएचईएल (BHEL) क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन हेतु कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भेल सेक्टर-1 स्थित शॉपिंग सेंटर, खोखा मार्केट और आसपास की दुकानों में औचक छापेमारी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान दुकानों पर कार्य करने वाले कर्मचारियों और संचालकों के दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई। इस कार्रवाई में 6 दुकान स्वामियों द्वारा अपने यहां कार्यरत व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन न कराए जाने की गंभीर लापरवाही सामने आई। पुलिस ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले इन सभी 6 दुकानदारों के खिलाफ तत्काल चालान की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई।

कोतवाली रानीपुर पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत पूरे क्षेत्र में सत्यापन अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा कि जो भी संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान या मकान मालिक अपने यहां रहने या काम करने वाले बाहरी व्यक्तियों का विवरण पुलिस को उपलब्ध नहीं कराएंगे, उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में उपनिरीक्षक और कांस्टेबल स्तर के पुलिस कर्मियों की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार। माननीय न्यायालय के आदेशों का सम्मान और एसएसपी हरिद्वार के ‘ऑपरेशन प्रहार’ को धार देते हुए बहादराबाद पुलिस ने लंबे समय से कानून की नजरों से बच रहे एक वारंटी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक के कुशल निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार को सटीक सूचना के आधार पर ग्राम डेरावाला अहमदपुरग्रांट में दबिश देकर वारंटी विजयपाल पुत्र संतूराम को उसके घर से ही दबोच लिया।

आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय से वारंट जारी थे, जिसके बाद से पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। उपनिरीक्षक अमित नौटियाल और कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान की टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम देकर स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र में छिपे बैठे किसी भी वारंटी या वांछित अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बहादराबाद पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सक्रियता के साथ जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में कानून का शासन और मजबूत हो सके। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य वारंटियों में हड़कंप मचा हुआ है।

रिपोर्ट – ग्रामीण तहकीकात 

हरिद्वार। तीर्थ नगरी स्थित प्रेस क्लब हरिद्वार के नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महासचिव सूर्यकांत बेलवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

विशिष्ट अतिथि निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रविंद्र पुरी महाराज ने उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा व देवेंद्र शर्मा, सचिव कुलभूषण शर्मा व जोगेंद्र सिंह मावी, सांस्कृतिक सचिव महताब आलम, प्रचार सचिव तनवीर अली और कोषाध्यक्ष काशीराम सैनी को शपथ ग्रहण कराई। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा कार्यकारिणी के अन्य 15 सदस्यों को शपथ दिलाई गई।

अपने संबोधन में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि शासन-प्रशासन और प्रेस का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन को खुशहाल बनाना है, जिसके लिए आपसी समन्वय अनिवार्य है। उन्होंने सोशल मीडिया के दौर में खबरों की सत्यता और जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया। मुख्य सचिव ने विश्वास जताया कि 2027 का कुंभ सभी के सहयोग से दिव्य और भव्य होगा। विशिष्ट अतिथि रविंद्र पुरी ने मुख्य सचिव के पूर्व अनुभवों को कुंभ के सफल आयोजन की कुंजी बताया।

इस गरिमामयी अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर का भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार शिव शंकर जायसवाल, कौशल सिखौला, सुनील दत्त पांडे सहित भारी संख्या में प्रेस प्रतिनिधि एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार। आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंड के अंतर्गत संचालित ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ की प्रगति को लेकर नीति आयोग, भारत सरकार के उप सचिव गौरव कटियार एवं कंसलटेंट अमितेश पांडेय की अध्यक्षता में विकास भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में जनपद के समस्त रेखीय विभागों और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान अभियान के तहत निर्धारित संकेतकों (इंडिकेटर्स) की जमीनी हकीकत परखी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि निर्धारित लक्ष्यों में से 08 इंडिकेटर्स को अब तक पूर्णतः संतृप्त कर लिया गया है। वहीं, शेष बचे हुए मानकों को इसी माह यानी अप्रैल 2026 के अंत तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने का कड़ा लक्ष्य रखा गया है।

नीति आयोग के उप सचिव गौरव कटियार ने सेवा वितरण और विकास संकेतकों में अपेक्षित सुधार लाने हेतु अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें। बैठक में आकांक्षी विकासखंडों में विकास की गति तेज करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम